
जमशेदपुर : सीआईडी के डीएसपी कोल्हान अनिमेष गुप्ता ने बुधवार को एकबार फिर से सरायकेला सहकारिता बैंक घोटाले के आरोपी संजय कुमार डालमिया की गिरफ्तारी के लिए उनके आवास पर छापामारी की लेकिन संजय डालमिया नहीं मिले. डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता ने बताया कि छापामारी जारी रहेगी. झारखंड राज्य सहकारिता बैंक के सरायकेला शाखा से 33 करोड़ के घोटाले के मामले में सीआईडी की टीम द्वारा सहकारिता बैंक के तत्कालीन मैनेजर सुनील कुमार सतपथी और एक अन्य आरोपी मनसा महतो पर चार्ज शीट तैयार कर न्यायालय में दायर कर दी है. ग़ौरतलब है कि सहकारिता बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील कुमार सतपथी को पिछले 22 मई को गिरफ्तार किया गया था. 22 अगस्त 2019 को सरायकेला थाना में 5 करोड़ एवं 33 करोड़ के घोटाला के संबंध में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. दोनों ही मामलों की जांच सीआईडी को सौंपा गया है. इस संबंध में सरायकेला के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार सतपथी,सहायक पद पर कार्यरत मदन लाल प्रजापति, तत्कालीन मैनेजर वीरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय चाईबासा में पदस्थापित एजीएम, तत्कालीन लेखाकार शंकर बंदोपाध्याय, चाईबासा क्षेत्रीय कार्यालय के तत्कालीन एमडी मनोज नाथ शाहदेव, तत्कालीन एजीएम मुख्यालय संदीप सेन ,सीईओ बृजेश्वर नाथ और संजय कुमार डालमिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.

















