
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी( बीईईओ) गंगा प्रसाद सिन्हा और बीआरसी में पदस्थापित शिक्षक को गुरुवार को एक शिक्षक से घूस लेते हुए निगरानी विभाग एसीबी की टीम नें रंगे हाथ घर दबोचा. दोनों को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम जमशेदपुर लेकर रवाना हो गई है. विदित हो कि जिले के नोवामुंडी के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समेत दो लोगों को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार बीईईओ व शिक्षक ने एक शिक्षक से गैरहाजिरी के दौरान की हाजिरी बनाने के एवज में घूस मांगी थी. जब तलाशी ली गई तो बीईईओ से 28 हजार रुपए बरामद हुए. दोनों को पूछताछ के लिए जमशेदपुर ले जाया गया है.

प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के साथ पकड़ा गया व्यक्ति बीआरसी में पदस्थापित है. उसी के माध्यम से लेनदेन की बात तय हुई थी. शिक्षक ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी. एसीबी की टीम ने पूरी तैयारी की और दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया. दोनों को लेकर टीम जमशेदपुर रवाना हो गई है. इस मामले को लेकर एसीबी की टीम लगातार काम कर रही है. भ्रष्टाचार को लेकर यह कार्रवाई लगातार की जा रही है और घूसखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है.






