Saraikela : सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं. जहां बेलगाम अपराधी हर दिन किसी न किसी आपराधिक घटना को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला आदित्यपुर थाना अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया का है. जहां मधुबन होटल के पीछे भोला होटल के समीप बेखौफ अपराधियों ने बबन सिंह नामक ठेकेदार से हथियार के बल पर मारपीट कर घायल कर चार से पांच लाख रुपयों से भरा बैग, सोने का चेन और ब्रेसलेट लूट की घटना को अंजाम दिया है. उधर घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और घायल ठेकेदार बबन सिंह को इलाज के लिए पहले आदित्यपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र ले गयी, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एमजीएम अस्पताल ले गए. वही इलाज के बाद पीड़ित ठेकेदार ने आदित्यपुर थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें उन्होंने बिट्टू नंदी और बिट्टू कुमार नामक अपराधकर्मी द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही है. वही इस संबंध में घायल ठेकेदार ने बताया कि उनके द्वारा लेबर पेमेंट के लिए पैसे बैग में भरकर लाए गए थे. इसी बीच दोनों अपराधी अपने सहयोगियों के साथ आ धमके और हवाई फायरिंग करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. बीचबचाव के क्रम में पिस्तौल के बट से मारकर घायल कर रुपयों से भरा बैग, सोने का चेन और ब्रेसलेट लूट लिया. उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी. फिलहाल आदित्यपुर थाना पुलिस मामला दर्ज करते हुए अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है. बताया जाता है कि बिट्टू नंदी अपराधिक प्रवृत्ति का युवक है फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना बुधवार देर रात की है.


















