
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत मानगो बाजार में 8 सितंबर की सुबह सिक्यूरिटी गार्ड वीर बहादुर का शव बरामद किया गया था. इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी सत्येंद्र यादव को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है. सत्येंद्र ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. वहीं इसके पहले पुलिस ने घटना में संलिप्त टुनटुन यादव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. टुनटुन यादव से पूछताछ में ही उसने पुलिस को बताया था कि वह और सत्येंद्र यादव ने मिलकर सिक्यूरिटी गार्ड वीर बहादुर की हत्या की थी. उसने पुलिस को बताया था कि सत्येंद्र और वीर बहादुर के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद सत्येंद्र के साथ मिलकर वीर बहादुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. ज्ञात हो कि 8 सितंबर की सुबह मानगो बाजार में सिक्यूरिटी गार्ड वीर बहादुर सिंह का शव बरामद किया गया था. उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी. उसके बाद उसके परिजनों ने मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. फिलहाल पुलिस सत्येंद्र को जेल भेजने की तैयारी कर रही है.






