
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय के ऑफिस पर कुछ उत्पाती लड़कों ने हमला बोल दिया. श्री राय की पार्टी भारतीय जनता मोर्चा के बारीडीह स्थित ऑफिस में यह हमला किया गया है. इस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सरयू राय ने कहा कि चुनाव हार जाने के बाद लोग अपना गुस्सा कार्यालय या कार्यकर्ताओं पर उतारा जा रहा है. ऐसे लोगों से हम और हमारे कार्यकर्ता दो-दो हाथ करने को तैयार है. जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय का बारीडीह होम्योपैथी सेंटर के ठीक बगल में कार्यालय है. उक्त कार्यालय में शाम को करीब 5 बजकर 15 मिनट के आसपास करीब चार युवकों की टोली आयी और वहां घुसते ही ऑफिस में आते ही कार्यालय को बंद करने की तैयारी कर रहे कार्यकर्ता अमित कुमार की पिटाई करने लगे.

वे लोग सरयू राय के लिए काम करने वालों को निबटने की धमकी दी और उसकी पिटाई के साथ पूरे दफ्तर में तोड़फोड़ कर दिया. वहां मौजूद गैस सिलेंडर और चुल्हा को भी नुकसान पहुंचाकर दफ्तर में आग लगाने की भी कोशिश की गयी, लेकिन वे लोग असफल रहे और सारे लोग वहां से निकल गये. सूचना मिलते ही खुद विधायक सरयू राय और पूरे दल बल के साथ पहुंचे और हालात की जानकारी ली. सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. इसको लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी गुस्सा था, लेकिन खुद सरयू राय ने अपने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और पुलिस को उनका काम करने को कहा.
सरयू राय ने कहा है कि यह सीधे तौर पर गुंडागर्दी है. चुनाव में हार जिन लोगों को बरदाश्त नहीं हो रही है, वे लोग इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे है. आपको बता दें कि इससे पहले भी एग्रिको स्थित गोलचक्कर के पास सरयू राय के ऑफिस में हमला किया गया था और गोलियां चलायी गयी थी, जिसके मामले में दो लोग जेल में अब भी बंद है. इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से अब कार्रवाई करने को कहा गया है.






