
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच-33 स्थित पिपला चौक के पास शुक्रवार की दोपहर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए. वहां से गुजर रहे उनके परिचित ने उन्हे देखा और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुला कर दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों घायलों की स्थिती गंभीर बताई जा रही है. घायलों में पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिला के कोलाघाट निवासी जावेद जमादार और अकबर शामिल है. दोनों जुगसलाई में बढ़ई मिस्त्री का काम करते है. उनके साथी ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान दोनों अपने अपने घर चले गए थे. लॉकडाउन खुलने के बाद सड़क के रास्ते काम पर वापस लौट रहे थे. पिपला चौक के पास सामने से आ रहे एक वाहन ने उन्हे अपनी चपेट में लिया और तेजी से मौके से फरार हो गया. फिलहाल दोनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.















