
जमशेदपुर : बागबेड़ा के गाढ़ाबासा निवासी व तड़ीपार अपराधकर्मी रंजीत साहू को बिष्टुपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे गाढ़ाबासा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया. पुलिस को शराब की खरीद बिक्री के पुराने मामले में रंजीत की तलाश थी. उसके खिलाफ जुलाई माह में बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था. एसएसपी की अनुशंसा पर उपायुक्त ने जनवरी से ही में ही उसे तड़ीपार का आदेश दिया हुआ था. 30 नवंबर को यह आदेश खत्म होने वाला था. आगामी 9 नवंबर को उसे उपायुक्त कार्यालय में बॉन्ड भरने के लिए उपस्थित होना था, वहीं उसके पिता की तबीयत भी खराब थी. इसी बात को लेकर वह अपने घर आया हुआ था. इधर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रंजीत घर आया हुआ है, जिसके बाद बिष्टुपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. रंजीत के खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. फिलहाल वह अपना व्यवसाय करता है. उसके ऊपर हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज हैं. रविवार को उसे जेल भेज दिया गया.







