
जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत झगरू बागान पुल के पास बीती रात एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया. शव की पहचान झगरू बागान निवासी प्रभात तिवारी के रूप में की गई. हालांकि पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है. वहीं प्रभात के परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या की गई है. टेल्को पुलिस ने बताया कि उन्हें रात को स्थानीय लोगों ने फोन कर सूचना दी कि एक व्यक्ति का शव झगरू बागान के पुल के पास पड़ा हुआ है. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. शव की पहचान प्रभात तिवारी के रूप में की गई और उसके परिजनों को सूचना दी गई. शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं हैं. पूछताछ में पाया गया कि प्रभात अधिक मात्रा में शराब सेवन करता था, संभवत इसी कारण उसकी मौत हुई है. हालांकि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.







