
जमशेदपुर : झामुमो के जमशेदपुर जिला सचिव लालटू महतो के स्कार्पियो से दो बाइक सवार घायल हो गये. यह हादसा सरायकेला-खरसावां जिले के डोबो क्षेत्र की है, जहां से लालटू महतो गुजर रहे थे. वे डोबो की ओर से जमशेदपुर सोनारी स्थित अपने घर जा रहे थे कि रास्ते में ही यह हादसा हो गया. बताया जाता है कि डोबो के पास एक बाइक पर सवार होकर डोबो के ही रहने वाले शुभम दंडपत और एक अन्य युवक जा रहे थे कि अचानक से डोबो मोड़ के पास वे लोग स्कार्पियों की चपेट में आ गये, जिससे वे लोग घायल हो गये. घायल एक युवक शुभम दंडपत की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. उसको इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है, जहां वे 4ए वार्ड में भर्ती है. इस बीच घायल होने के बाद स्थानीय लोगों ने झामुमो के जमशेदपुर जिला सचिव लालटू महतो को घेर लिया. लोग गलत तरीके से गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे. इसकी तत्काल सूचना लालटू महतो ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को दी, जिसके बाद किसी तरह से उनको वहां से निकाला गया. इस घटना की सूचना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद माहौल को शांत कराते हुए घायलों को ले जाया गया. घायलों की गाड़ी को भी स्थानीय परिवार को सौंप दिया गया.














