
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र पर जुआ अड्डा पर छापामारी करने गयी पुलिस पर हमला कराने की आरोपी चर्चित महिला रेखा रानी महतो को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया. रेखा रानी महतो सोनारी राम मंदिर के सामने वाले एरिया में रहती है, जहां से वह पहले भी जेल जा चुकी है. उस पर वेश्यावृति कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने जेल भेजा था और अभी फिर से पुलिस ने इस मामले में जेल भेजा है. सोनारी थानाक्षेत्र के राम मंदिर के पास रविवार की देर रात को सूचना पाकर सोनारी पुलिस जब छापामारी करने पहुंची तो जुआड़ियों ने पुलिस वालों के साथ ही हाथापाई की और धक्का-मुक्की कर दी. हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सोनारी कपाली निवासी सरफराज आलम और सोनारी मस्जिद क्षेत्र के रहने वाले सीनू राव को गिरफ्तार कर लिया, जिनको जेल भेज दिया. उनके पास से पुलिस ने 19240 रुपये और दो मोबाइल भी बरामद किए थे. इस मामले को लेकर पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार की ओर से जुआ खेलने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की प्राथमिकी सोनारी थाना में दर्ज की गई है. इस मामले को लेकर रेखा रानी महतो मुख्य आरोपी थी, जिन पर आरोप था कि उसने ही पुलिस को पीछे रखा और सारे आरोपियों को छुड़वा दिया था. इस मामले को लेकर कई अन्य लोगों की तलाश पुलिस कर रही है.














