
सरायकेला : राज्य के पुलिस महानिरीक्षक के आदेश के बाद राज्य भर में अवैध नशा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसको लेकर सरायकेला- खरसावां पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैदी दिखा रही है. इस क्रम में सरायकेला- खरसावां पुलिस को एक बार फिर से बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जिले के चांडिल, ईचागढ़ और आदित्यपुर थाना क्षेत्र से बड़ी मात्रा में नशे की खेप बरामद की गई है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

जानकारी देते हुए जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि चांडिल थाना अंतर्गत खोखरोडीह से 2434 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, ईचागढ़ से अवैध रूप से गांजा की खेती को नष्ट किया गया. साथ ही आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती से 64 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को हिरासत में लिया गया. जबकि गांजा की खेती कर रहे लाल सिंह मुंडा को भी गिरफ्तार किए जाने की बात उन्होंने कही. इसके अलावा आदित्यपुर थाना क्षेत्र से करीब दो हजार महुआ जावा नष्ट करने के साथ 45 लीटर महुआ बरामद किए जाने की बात उन्होंने कही. वहीं एसपी ने साफ कर दिया है कि जब तक जिला नशा मुक्त नहीं हो जाता यह अभियान जारी रहेगा.







