
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहा. जहां हर दिन कहीं ना कहीं सड़क हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं. ताजा मामला चांडिल थाना क्षेत्र का है. जहां कांड्रा- चांडिल मार्ग पर 60 वर्षीय बुजुर्ग भगता माझी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है, कि चैनपुर निवासी भगता माझी के इकलौते पुत्र विशु माझी की डेढ़ माह पूर्व कैनाल में डूबने से मौत हो गई थी. परिजन अभी उस सदमे से ठीक से उबर भी नहीं सके कि यह घटना घटित हो गई. वहीं घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. जबकि परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है. आपको बता दें कि बीते 10 महीने के भीतर सरायकेला खरसावां जिला के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगभग 200 लोग सड़क हादसे का शिकार हुए हैं जिसमें करीब 190 की मौत हो गई है.




