
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थानांतर्गत धतकीडीह हरिजन बस्ती में हुए जुली घोष हत्याकांड मामले में पुलिस ने जुली के भतीजे और मुन्ना घोष के बेटे शिवम् घोष को आखिरकार जेल भेज दिया. हालांकि पुलिस के सामने उसने हत्या की बात नहीं स्वीकार की है, पर पुलिस को मिले सारे सबूत यह बताते हैं कि शिवम् ने ही उसकी हत्या की है. इसके अलावा शिवम् ने 31 दिसंबर को देर रात को मारपीट के दौरान शराब की बोतल से एक युवक पर हमला कर दिया था. बिष्टुपुर पुलिस का कहना है कि शिवम् को फिलहाल मारपीट के मामले में जेल भेजा गया है. जुली घोष हत्याकांड मामले में उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
सारे सबूत शिवम् के खिलाफ
थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि घटनास्थल से मिले सभी सबूत और गवाह के मद्देनजर हुए जुली घोष की हत्या शिवम् ने ही की है. जांच में यह बात सामने आई है कि जिस तरह खिड़की से घर में घुसकर जुली घोष की हत्या की गई उसी तरह शिवम् भी अक्सर उसके घर में घुसकर हंगामा किया करता था. वहीं स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी पता चला है कि घटना के थोड़ी देर पहले ही जुली घोष और शिवम् के बीच किसी बात को लेकर झड़प हुई थी. हालांकि अभी पूरी तरह से इसका खुलासा नहीं हुआ है. बता दें कि 3 जनवरी की रात को बिष्टुपुर स्थित धतकीडीह हरिजन बस्ती में कल्लू घोष की पत्नी जुली घोष की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. इसे लेकर मुखी समाज द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया गया था.






