
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत आजादनगर रोड नंबर 4 में छापामारी के दौरान दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया. हालांकि, इस मौके से चार-पांच अन्य युवक भागने में सफल हो गए. पुलिस ने इनके पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर भी बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया. जेल भेजे गए युवकों में आजादनगर रोड नंबर 6-इ निवासी मोहम्मद जुबेर अंसारी उर्फ बाबू और क्रॉस रोड नंबर 6 निवासी मोहम्मद कलीम कुरेशी उर्फ राजू शामिल है. इस संबंध में मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ युवक ब्राउन शुगर का सेवन कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने एक टीम का गठन कर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान दोनों युवकों को पकड़ लिया गया जबकि चार पांच युवक भागने में सफल रहे. जांच करने पर जुबेर के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और कलीम के पास से 5 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया जिसका कुल वजन लगभग 2 ग्राम है. पुलिस अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.





