
जमशेदपुर : जमशेदपुर में भी कई तरह के फर्जीवाड़ा की घटनाएं सामने आ रही है. इस कड़ी में जमशेदपुर से सटे ग्रामीण इलाका पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना अंतर्गत मकुला गांव में रुपए दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पीड़ित भीम सबर ने प्रेमचंद महतो के खिलाफ कमलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. भीम ने शिकायत के माध्यम से पुलिस को बताया कि प्रेमचंद ने गांव में आकर रुपये दोगुने करने की बात कही. इसके साथ ही दुगना करने के नाम पर उसने 20 हजार रुपये जमा कराया. इसके बाद हर महीने 500 रुपये 17 माह तक लिए. इसके अलावा एक महिला से 25 हजार रुपये, प्रमिला सबर से 6000, अजय सबर से 11 हजार रुपये, रंजीत से 25 हजार रुपये और दामिनी सबर से 15 हजार रुपये लिए. सभी से कुल मिलाकर 1 लाख 10 हजार 500 रुपये जमा कराए. अब वह कह रहा है कि कंपनी भाग गई. जब उससे रुपये की मांग की गई तो उसने रुपये देने से इंकार कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर जमशेदपुर के ही सोनारी थाना क्षेत्र निवासी तपन कुमार बेहरा के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये की ठगी कर ली. तपन ने इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार तपन कुमार ने अपने बड़े बेटे के लिए एक मेट्रिमोनियल साइट पर रजिस्टर किया था. 30 मार्च को उन्हे एक नंबर से फोन आया. फोन करने वालों ने बताया कि उनकी ओर से एक प्रिमियम प्लान चल रहा है जिसके तहत डिसकाउंट चल रही है. इसके लिए 6962 रुपये लगेंगे. फोन करने वाले की ओर से तीन बार 6962 रुपये पेमेंट का लिंक भेजा गया. लिंक खोलकर उन्होने सारी जानकारी भर दी. जानकारी देने के साथ ही उनके खाते से 50 हजार रुपये कट गए.














