
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़खानी करने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. हालांकि मामले की जानकारी मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस हरकत में आयी और नाबालिग सहित दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है. उधर पूछताछ के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस ने हरहरगुट्टू निवासी यश शर्मा को न्यायिक हिरासत में और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है. दोनों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. बताया जाता है कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बेड़ाढीपा में एक नाबालिग छात्रा के साथ नाबालिग समेत तीन युवकों ने छेड़खानी की. वहीं दूसरे युवक से बातचीत करने पर मारपीट की. मोबाइल से इसका वीडियो भी बनाया जिसे वायरल कर दिया. मामला भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कृणाल षाडंगी तक जा पहुंचा. प्रवक्ता ने वायरल वीडियो को प्रदेश के मुख्यमंत्री और झारखंड पुलिस की सोशल साइट पर ट्वीट कर डाल दिया. जिसके बाद मामले को बागबेड़ा थाना की पुलिस ने गंभीरता से लिया और घटना में शामिल नाबालिग समेत दो को खोज निकाला. दोनों से पूछताछ में जानकारी मिली कि नाबालिग परिचित है. सभी एक ही बस्ती के रहने वाले है.













