
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत रामाधीन बगान के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने स्थानीय निवासी राजा कुमार सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया. घटना रात लगभग 9 बजे की है. इधर घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी मौके से फरार हो गए. घायल अवस्था में ही राजा ने इसकी सूचना फोन पर अपने साथियों को दी. सूचना पाकर उसके साथ ही मौके पर पहुंचे और राजा को टेल्को थाना ले गए जहां से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया है. राजा के पेट में बाई और गोली का छर्रा लगा है. घटना के संबंध में राजा ने बताया कि वह टाटा हिताची के पास अपने भाई के पास जा रहा था इतने में रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोका. उसे लगा कि वे लोग प्रशासनिक अधिकारी है इसलिए वह रुक गया. इतने में युवकों ने उससे लूटपाट करने की कोशिश की. जब उसने इसका विरोध किया तो उनमें से एक ने बंदूक निकाली और उस पर फायर कर दी. बंदूक से निकला छर्रा उसके पेट में लग गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





