जमशेदपुर : टाटा स्टील ने स्टील ट्यूब्स और कलर कोटेड उत्पादों के कारोबार में बड़ी छलांग लगाते हुए एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड और उसके प्रवर्तकों के साथ व्यापक रणनीतिक समझौता किया है. इस करार के तहत टाटा स्टील ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी हिस्सेदारी और अपना स्टील ट्यूब्स कारोबार एपीएल अपोलो को बेचने का समझौता किया है. इस सौदे के माध्यम से टाटा स्टील की 800 केटीपीए सरफेस कोटेड कॉइल क्षमता और 1.7 एमटीपीए स्टील ट्यूब्स कारोबार का कुल 28,000 करोड़ रुपये के संयुक्त मूल्य पर एपीएल अपोलो में एकीकरण होगा. एपीएल अपोलो शुरुआत में अधिग्रहण वित्तपोषण के जरिये इसका भुगतान करेगा और बाद में बैलेंस शीट के जोखिम को कम करने के लिए दीर्घकालिक पूंजीकरण से कर्ज को बदलेगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके साथ ही टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में 2,100 रुपये प्रति शेयर की दर से 15,510 करोड़ रुपये में 26.6 प्रतिशत प्रवर्तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौते किए हैं. कंपनी एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 16,756 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर भी लाएगी. नियामकीय मंजूरियों और ओपन ऑफर पूरा होने के बाद संयुक्त एपीएल अपोलो के पास 7.5 एमटीपीए स्टील ट्यूब्स और कलर कोटेड क्षमता होगी, जिसमें 5 एमटीपीए मौजूदा क्षमता भी शामिल है. कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2035 तक क्षमता को बढ़ाकर 15.5 एमटीपीए तक ले जाने का है, जिसमें लगभग 9 एमटीपीए स्टील ट्यूब्स और लगभग 6.5 एमटीपीए कलर कोटेड उत्पाद शामिल होंगे. इसके अलावा एपीएल अपोलो के प्रवर्तक समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (एसजी स्पेक्ट्रा) के साथ 5 एमटीपीए कलर कोटेड क्षमता के लिए विशेष कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग एमओयू किया गया है, जिसके तहत अगले 24 महीनों में पहली 10 लाख टन क्षमता तैयार होने की उम्मीद है. सभी घोषित सौदे नियामकीय स्वीकृतियों के अधीन हैं और वित्त वर्ष 2027 के भीतर इनके पूरे होने की संभावना जताई गई है. इस करार पर प्रतिक्रिया देते हुए टाटा स्टील के सीईओ व एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप एक मजबूत डाउनस्ट्रीम पावरहाउस तैयार करेगी और सभी हितधारकों के लिए मूल्य सृजित करेगी. वहीं टाटा स्टील के ईडी व सीएफओ कौशिक चटर्जी ने कहा कि वैल्यू-एडेड और डाउनस्ट्रीम विस्तार की रणनीति के तहत यह कदम कंपनी को तेज रफ्तार और उच्च लाभप्रदता के साथ आगे बढ़ने का मजबूत आधार देगा.












