
जमशेदपुर : जमशेपदुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित एबी पैलेस होटल के मालिक टुनटुन सिंह ने होटल परिसर में विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में प्रत्यक्षदर्शी मृतक के भाई अमर प्रताप सिंह के बयान पर कुल छह लोगों को आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज कराया गया है. अमर ने टुनटुन सिंह, उसके बेटे ओम नारायण सिंह, राजू सिंह, अपने चाचा शत्रुघ्न सिंह, चाची और अपने चचेरे भाई को आरोपी बनाया है. अमर ने पुलिस को बताया है की मामला तब शुरू हुआ जब उसने अपने चाचा शत्रुघ्न से पांच लाख रुपए उधार लिए थे. इसके बदले में उसने अपने चाचा को तीन लाख रुपए बैंक में और बाकी के दो लाख रुपए नकद लौटाए थे. बीते दिनों उसे टुनटुन सिंह द्वारा रुपए वापस नहीं करने पर कोर्ट से नोटिस जारी करवा दिया गया. जब उसने टुनटुन से बात की तो पता चला कि वो पांच लाख रुपए टुनटुन के बेटे ओम नारायण ने उसे दिए थे. जबकि उसने सारे पैसे अपने चाचा को लौटाए थे. इसी बात को लेकर टुनटुन ने अपने साथी राजू के माध्यम से बातचीत करने के लिए होटल बुलाया था. बातचीत के दौरान पीछे पीछे विक्रम और संजू भी पहुंचे. बातचीत के बीच टुनटुन ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी. इस मामले को लेकर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि अमर के शिकायत के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है. तमाड़ के पास से टुनटुन की गिरफ्तारी की बात को एसएसपी ने खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि अभी तक टुनटुन की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को लगाया गया है. हालांकि सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार टुनटुन पुलिस की हिरासत में है. बता दे कि रविवार देर शाम टुनटुन ने विक्रम सिंह को गोली मार दी थी. घटना के बाद विक्रम को टी एम एच में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.













