
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के दिउरी साई गांव में पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में सगे छोटे भाई गुमदी बिरूली (43 वर्ष) ने अपने बड़े भाई 45 वर्षीय सनातन बिरूली की टांगी से वारकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलने पर तांतनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा करने के बाद रविवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. घटना के संबंध में बताया गया कि जमीन पर बबूल का पेड़ था, जिसका बंटवारा नहीं हुआ था. छोटा भाई गुमदी बिरूली बबूल का पेड़ काट रहा था. इसी दौरान बड़े भाई सनातन बिरूली वहां पहुंचा और गुमदी को बोला कि बबूल पेड़ का बंटवारा नहीं हुआ है तो क्यों काट रहे हो. इसी मामले को लेकर दोनों में विवाद हुआ तो छोटे भाई ने बड़े भाई सनातन बिरूली की टांगी से वारकर हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वह गांव के आसपास ही हत्या करने के बाद घुम रहा था कि पुलिस ने उसको धर दबोचा.

















