
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर के पास एक जेनरल स्टोर में अचानक आग लग गई. जेनरल स्टोर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकान के संचालक शाहिद खान को दी. शाहिद खान सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे और 100 डायल कर मदद की गुहार लगाई. हालांकि आधे घंटे तक दमकल मौके पर नहीं पहुंची थी. स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया तब तक दुकान में रखे सारे सामान जलकर खाक हो चुके थे. घटना के संबंध में संचालक शाहिद खान ने बताया कि वह हर रोज सुबह 7 बजे दुकान खोलते हैं और 2 बजे तक बंद कर देते हैं. आज भी 2 बजे दुकान बंद करने के बाद घर चले गए. लगभग 3 बजे उन्हें फोन पर जानकारी मिली दुकान में आग लग गई है. वे दौड़े-दौड़े पहुंचे, दुकान का सारा सामान जल चुका था. आग लगी से दो डीप फ्रिज और समान जलकर खाक हो गया है. इससे लगभग एक लाख का नुकसान हुआ है. आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.













