
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत इंद्रानगर तार कंपनी निवासी लेडी इंदर सिंह हाई स्कूल की शिक्षिका मोना शर्मा के घर पर दो बाइक समेत लाखों की चोरी करने के मामले में पुलिस ने कुख्यात चोर नामदा बस्ती निवासी रोहन सिंह को गिरफ्तार किया है. रोहन की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई एक बाइक को उसकी बहन के घर से बरामद किया है. वहीं इस मामले में रोहन के साथी के घर से एक बाइक बरामद की है. चोरी किए गए गहनों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. फिलहाल रोहन का एक साथी अब भी फरार है. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मोना शर्मा 15 मई को रांची गई हुई थीं. उन्हे पड़ोसियों ने 18 मई को जानकारी दी की उनके घर में लगा ताला टूटा हुआ है. जब वह 18 मई को देर शाम घर पहुंचीं तो पाया कि घर में सारा सामान बिखरा पड़ा है और घर में रखी दो बाइक चोरी हो गई है. मोना के द्वारा बताया गया कि घर से कुल चार लाख के गहने और दो बाइक की चोरी की गई है. शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और रोहन सिंह को पकड़ लिया. रोहन और उसके साथी रेकी कर 16 मई को ही घर में घुसकर चोरी कर चुके थे. रोहन के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 10 अलग-अलग मामले दर्ज हैं.














