देवघर से ऋतुराज
देवघर : झारखंड के देवघर में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. लॉक डाउन में कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच भी लूट और छिनतई की घटनाएं बेखौफ जारी हैं. इसी क्रम में देवघर शहर के शहीद आश्रम रोड स्थित एक दुकानदार से दो बाइक सवार अपराधियों द्वारा रुपये से भरे बैग झपट लिए गए. बैग में 60 हज़ार कैश होने की बात बताई जा रही है. सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस अब इसी इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. दूसरी ओर, देवघर के नगर थाना अंतर्गत शंख मोड़ के समीप स्थानीय चर्च से सटे एक खंडहर मकान से एक महिला का शव नगर पुलिस ने बरामद किया हैं. पुलिस के अनुसार महिला की पहचान स्थानीय ट्रेजरी आफिस में काम करने वाले कर्मी की पत्नी के रूप में की गई है. मृतका के पति के अनुसार उनकी पत्नी रोज की तरह सुबह टहलने निकली थी. बहुत देर तक घर वापस नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन की जा रही थी. नगर थाना में फोटो के साथ गुमशुदगी का मामला भी दर्ज किया गया था. जसीडीह जीआरपी को भी सूचना दी गई थी. मृतिका के पति ने हत्या की आशंका व्यक्त की है. पुलिस फिलहाल मामले की तफ्तीश कर रही है.







