
सारठ : सबेजोर गांव की अति प्राचीन ठाकुरबाड़ी मंदिर से सिंगबाहिनी माता की प्रतिमा की चोरी हो गई, जिसको लेकर ग्रामीणों ने चिंता जाहिर की है. बताया जाता है कि सारठ थाना क्षेत्र के सबेजोर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर में गुरुवार दिन के 11:30 बजे पुजारी के द्वारा पूजा करने व भोग लगाने के बाद कपाट बंद कर दिया गया था. संध्या में लगभग 7 बजे जब आरती के लिये पुजारी ने मंदिर का कपाट खोला तो सिंघासन से अष्टधातु की प्रतिमा गायब थी. पुजारी ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी. उसके बाद ग्रामीण अजय कुमार सिंह, उज्जवल सिंह, चाडो सिंह समेत कई ग्रामीणों को मूर्ति चोरी होने की सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीण अपने स्तर से खोजबीन में जुटे हैं, परंतु काफी खोजबीन करने के बाद भी कुछ पता नही चला है. ठाकुरबाड़ी से इस प्रकार अष्टधातु की बेशकीमती मूर्ति चोरी होने के मामले पर मुखिया जयकुमार सिंह ने कहा हमलोगों के पूर्वजों के द्वारा ही 200 वर्षों से भी अधिक समय पुरानी यह प्रतिमा थी, जिसमें गांव के लोग नित्य पूजा करते थे. चोरी होने की सूचना सारठ पुलिस को दे दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
गांव में ये तीसरी चोरी का मामला : सबेजोर गांव में कुछ दिन पूर्व पंचायत सचिवालय में लगा छोटा सोलर प्लेट की चोरी हुई. 2 जून रात्रि बुनियादी विद्यालय सबेजोर में एमडीएम का बर्तन व खाद्यान्न सामग्री जो लगभग 25 हजार की थी, चोरी हुई. पुनः 3 जून को दिन दहाड़े ठाकुरबाड़ी से सिंघवाहिनी माता की कीमती मूर्ति की चोरी हुई है. बताया गया कि पुलिस की गश्ती गांव तक आती ही नही है और न ही चोरी की शिकायत करने पर पुलिस गंभीरता दिखाती है.




