
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित एसएनपी एरिया में शनिवार की दोपहर एक कार में मानगो निवासी प्रभाकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना को अंजाम देने के बाद राहुल मौके से फरार हो गया. भागने के क्रम में ही बंगाल क्लब के पास उसके हाथ से देसी कट्टा गिर गया. इधर स्थानीय लोगों ने पीछा करते हुए नागरमल के पास से पकड़ा था. इस मामले में राहुल ने पूछताछ के क्रम में कई राज खोले है. प्रभाकर की हत्या का कारण सिर्फ बाइक से बाइक टकराने का था. यहीं से दोनो के बीच विवाद शुरू हुआ था. राहुल ने पुलिस को बताया था कि 6 माह पहले वह मानगो गया था जहां उसकी बाइक प्रभाकर की बाइक से टकरा गई थी. उस वक्त प्रभाकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी. विवाद यहीं से शुरू हुआ. कुछ यह विवाद बढ़ता चला गया. इसके बाद एक दिन प्रभाकर ने फोन कर उसे बुलाया और फिर से मारपीट कर घायल कर दिया. इसी बात का बदला लेने के लिए पहले उसने बिहार से एक देसी कट्टा खरीदा. शुक्रवार को ही उसने प्रभाकर को मारने का मन बना लिया था और फोन कर प्रभाकर को बुलाया था पर प्रभाकर नहीं आया. शनिवार की सुबह वह अपने दो दोस्तों के साथ वी 2 के पास पहुंचा था. यहां उसके दोनो दोस्त कार से उतर गए. मौका पाकर उसने कट्टा से प्रभाकर के सीने में गोली मार दी. मामले की जानकारी देते हुए एएसपी सिटी कुमार गौरव ने बताया कि अभी पूछताछ की जा रही है. राहुल ने अपने स्वीकृति बयान में काफी कुछ बताया है. फिलहाल प्रभाकर के साथियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है.














