
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धातकीडीह में फायरिंग करने के आरोपी नशेड़ी गैंग के सरगना अबुल सलमान खान के जेल से जमानत पर बाहर आने के एक माह बाद ही पुलिस ने उसे एक बार फिर धनबाद के पुलिस लाइन से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उसे धनबाद से सीधे शहर लेकर आई जहां से उसे सीधे एमजीएम थाना ले जाया गया. फिलहाल थाने में पुलिस उसे पूछताछ कर रही है. सलमान की मां ने बताया कि 3 जुलाई को सलमान को जमानत पर जेल से बाहर निकाला था और 5 जुलाई को उसे धनबाद ले गए. आज सुबह 10 बजे उसके घर पर पुलिस आई और सलमान को अपने साथ ले जाने लगी. जब उन्होंने गिरफ्तारी का कारण पूछा तो पुलिस ने उन्हें कुछ नही बताया और अपने साथ जमशेदपुर ले आई. मिली जानकारी के अनुसार सलमान के खिलाफ अब भी बिष्टुपुर थाना और एमजीएम थाना में मामला दर्ज है. जिसके लिए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस उससे थाने में पूछताछ कर रही है. (नीचे पूरी रिपोर्ट पढ़े)
मानगो में 20 पुड़िया गांजा के साथ एक गिरफ्तार
मानगो पुलिस ने 20 पुड़िया गांजा के साथ कुमरूम बस्ती निवासी मंटू सिंह को गिरफ्तार किया है. उसके पास से कुल 85 ग्राम गांजा बरामद किया गया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंटू गांजा बेचने का काम करता है. पुलिस ने टीम का गठन कर छापेमारी की और मंटू को गिरफ्तार किया. शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
परसुडीह और बर्मामाइंस में रेलवे कर्मचारी के घर लूट करने के मामले में एक ने किया सरेंडर
परसुडीह और बर्मा माइंस में लूट करने के आरोपी सोनू सिंह ने न्यायलय के समक्ष सरेंडर कर दिया. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों समेत गहने खरीदने वाले सोनार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इस मामले में अब भी एक आरोपी फरार है. फिलहाल पुलिस सोनू को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है.





