
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे पोटका थाना क्षेत्र की कालिकापुर निवासी दिव्यांग 55 वर्षीय हेमवती भगत की हत्या उसी के बेटे परितोष भगत ने की थी. परितोष ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल भी कर लिया है. उसने पुलिस को बताया है कि बीमा की राशि के लिए अक्सर मां से विवाद होता रहता था. बीते मंगलवार को भी इसी के लिए विवाद हुआ था. उसी दौरान उसने मां की गला रेतकर हत्या कर दी थी. घटना को अंजाम देने के बाद उसने अपने मामा प्रकाश नारायण पाल को फोन कर बताया कि मां ने आत्महत्या कर ली है. उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. इस मामले में प्रकाश नारायण के बयान पर परितोष भगत, उसकी पत्नी रेणुका भगत और पिता बीरेंद्र भगत के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. फिलहाल पुलिस ने परितोष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.












