
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को एक बार फिर से बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक ट्रक में लदे लाखों रुपये के शराब को जब्त किया है. जब्त शराब की कुल कीमत 16 लाख रुपये बताई जा रही है जिसका खुलासा पुलिस ने किया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना समेत झारखंड और बिहार के कुल 10 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने 25,680 पीस शराब की बोतल एक ट्रक, एक बोलेरो, एक एक्सयूवी और 105 बोरा अदरक भी जब्त किया है. जमशेदपुर पुलिस की ये अब तक की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि गुप्त सूचना की आधार पर छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि असम से उड़िसा के रास्ते जमशेदपुर में शराब की तस्करी हो रही है. इसके बाद एक टीम का गठन कर धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 33 नूतनडीह के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छापेमारी शुरु की. छापेमारी के दौरान एक ट्रक चेक नाका के पास आया जिसे आगे से एक्सयूवी और पीछे से बोलेरो स्कॉट कर रही थी. पुलिस ने वाहन को रोका और जांच शुरु की. जांच के क्रम में पाया गया कि अदरक के बोरे में शराब को छुपाकर रखा गया है. जांच के क्रम में बोरे में से कुल 535 पेटी शराब पाई गई जिसमें कुल 25,680 पीस शराब की बोतल थी. पूछताछ के क्रम में यह जानकारी मिली कि असम में शराब को कम कीमत में खरीदकर झारखंड में बेचने का अवैध धंधा चल रहा था. यह कारोबार काफी सालों से किया जा रहा था. पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
इनकी हुई गिरफ्तारी
बिहार के मधुबनी जिला के मधुआपुर थाना क्षेत्र निवासी जयनाथ यादव, धनबाद निवासी मुकेश साव, गिरीडीह निवासी काशी साव, बोकारो निवासी संजीव कुमार सिंह, बोकारो निवासी राणा प्रताप सिंह, बोकारो निवासी संजय कुमार पासवान, बिहार के भागलपूर जिला निवासी उत्तम कुमार, खगड़िया निवासी गौतम कुमार, अभिषेक कुमार और कुणाल कुमार. (नीचे भी पढ़ें)
छापेमारी दल में ये थे शामिल
एसआई अर्जुन कुमार यादव, गालूडीह थाना प्रभारी रौशन खाखा, चाकुलिया थाना प्रभारी वरुण यादव, एमजीएम थाना एसआई सोनू कुमार, एमजीएम थाना एसआई नयन कुमार, धालभूमगढ़ थाना के एएसआई देवनाथ सिंह के अलावा अन्य बल मौजूद रहे.




