
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गजराज मेंशन के गेट के पास दिनदहाड़े शहर के जाने माने ज्वेलर्स छगनलाल एंड संस (सीडीएस) के कर्मचारियों से पिस्तौल की नोक पर लूट करने वाले की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने छापेमारी शुरु कर दी है. हालांकि मेंशन की गेट पर लगे सीसीटीवी खराब है पर फिर भी पुलिस आस-पास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. गजराज मेंशन के दरवाजे पर लगे सीसीटीवी में सारी घटना कैद हो गयी है. इसके अलावा बाहर भी लगे सीसीटीवी में उनकी सारी गतिविधियां कैद हो चुकी है. (नीचे देखे पूरी खबर और कैसे घटी घटना का वीडियो)
यह पाया गया है कि अपराधी छगनलाल दयालजी सन्स के शोरुम से ही कर्मचारियों का पीछा कर रहे थे. दोनों अलग-अलग होकर कर्मचारियों के पीछे लगे थे. मेंशन के गेट के पास मौका पाते ही दोनों ने कर्मचारी प्रद्युमन मंडल और विजय कुमार दोषी को पीछे से पकड़ लिया और फिर उसकी जमकर पिटाई की गयी, जिसके बाद अपराधियों ने उनको जमकर पीट दिया. पिटाई के बाद जिस कर्मचारी के पास बैग था, वह ऊपर की ओर भाग गया जबकि दूसरे को पीटने के बाद अपराधी बैग लेकर भाग निकले. एक कर्मचारी द्वारा विरोध करने पर उनमें से एक अपराधी ने पहले विजय के सिर पर पिस्टल की बट से मारकर घायल किया और फिर प्रद्युमन की छाती पर वार कर रुपयों से भरा बैग छिनकर बाहर निकल गए. बाहर खड़ी बाइक ली और तेजी से जी टाउन मैदान की ओर फरार हो गए. इधर घटना के बाद जमशेदपुर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन, सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीएसपी सीसीआर अनीमेष गुप्ता और बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है.




