
जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर के चेपापुल के पास रहने वाले मो जिशान बीते 16 फरवरी से लापता है. बीते दिनों आजादनगर थाना क्षेत्र के ही मुर्दा मैदान के पास से जिशान की स्कूटी लावारिस हालत में मिली थी. इधर मंगलवार को अचानक से जिशान के मामा के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने बस अपनी आवाज सुनाई. हालांकि परिजनों के अनुसार यह फोन जिशान ने किया था. परिजनों ने बिना किसी देरी के तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस ने बिना किसी देरी के संबंधित नंबर का लोकेशन ट्रेस करवाया. उस नंबर का लोकेशन मानगो के गांधी मैदान के पास मिला. पुलिस फौरन गांधी मैदान के पास पहुंची और जिशान की खोज में लग गई पर तब तक वह नंबर बंद हो चुका था. पुलिस और परिजन लगभग दो घंटे तक जिशान की तलाश करते रहे पर उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई. आजादनगर थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित नंबर का लोकेशन गांधी मैदान के पास मिलने पर उसके आस पास जिशान की खोज की गई पर वह नहीं मिला. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने भी उस नंबर पर फोन किया था पर पहले फोन किसी ने नहीं उठाया, बाद में उस नंबर से वापस फोन आया पर किसी ने कुछ भी नही कहा. परिजनों के अनुसार उन्हें जिशान ने ही फोन किया था. परिजनों ने बताया कि पुलिस भी जिशान को ढूंढने में उनकी मदद नहीं कर रही है. वे लोग एसएसपी से मिलकर जिशान को ढूंढने की गुहार लगाएंगे. बता दे कि 16 फरवरी की शाम को जिशान अपने घर से स्कूटी पर सब्जी लेने के लिए निकला था फिर वापस नहीं लौटा था. घटना के बाद परिजनों ने आजादनगर थाना में सूचना दी थी.







