
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट की अधीकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों की एक बैठक संपन्न हुई. इस बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने एवं संचालन महामंत्री आरके सिंह ने किया. बैठक का मुख्य विषय 25 फरवरी को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की आमसभा को संपन्न कराना था. महामंत्री ने अपने वक्तव्य में कहा कि हमारी यूनियन के आम सदस्यों के साथ बैठक की तिथि 25 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे से रखी गई है. इस बैठक को सफल बनाने के लिए आप सब अपना विचार बारी-बारी से दें. सभी सदस्यों ने गत वर्ष की आमसभा की तैयारी के अनुरूप अपना विचारों को रखा. साथ ही साथ कंपनी में प्रोडक्शन अपनी ऊंचाई पर है इस बात का भी पदाधिकारियों ने ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर महामंत्री ने स्पष्टीकरण किया. श्री सिंह ने कहा कि वे लोग सभी को ध्यान में रखते हुए प्रोडक्शन और बैठक दोनों को संतुलित करते हुए कार्यक्रम को सभी के सहयोग से सफल बनाएंगे. अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कमिटी मेंबर्स के साथ बैठक कर आमसभा को सफल बनाने के लिए तैयारी में जुट जाने का आवाहन किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन अजय भगत ने किया.





