
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बरही, करियातपुर निवासी दिवंगत रुपेश पांडेय की माता उर्मिला पांडेय एवं पिता सिकंदर पांडेय ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री से रुपेश पांडेय की मां ने दिवंगत पुत्र के लिए न्याय मांगा. परिजनों ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच सीबीआई से कराने का आग्रह किया, जिससे उनके पुत्र को न्याय मिल सके. मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि परामर्श के बाद सरकार इस पर निर्णय लेगी. रूपेश मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट की जाएगी. मुख्यमंत्री ने रूपेश की मां के स्थायी जीवन यापन की व्यवस्था हेतु उपायुक्त हजारीबाग को निदेश दिया है. मुख्यमंत्री के निदेश के बाद जिला प्रशासन हजारीबाग द्वारा उर्मिला देवी की स्थायी आजीविका हेतु प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस मौके पर बरही विधायक उमाशंकर अकेला, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू एवं अन्य उपस्थित थे. आपको बता दें कि हजारीबाग में हुए दंगा के दौरान दो समुदाय के बीच हुई हिंसा के बीच युवा रुपेश पांडेय को मौत के घाट उतार दिया गया था. इस मामले को लेकर काफी राजनीति गर्मा गयी थी. बाद में काफी मान-मनौव्वल के बाद मामला शांत हो पाया है. अब तक वहां तनाव है और राजनीतिक दलों द्वारा लगातार अपनी मांगें की जा रही है. इसको लेकर चल रही राजनीति के बीच मुख्यमंत्री से उनके माता-पिता मिले है, जिसको लेकर माहौल गर्मा गया है.







