
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के महुलडीही नदी के पास सड़क हादसे में मारे गये युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सोनुवा गोइलकेरा मुख्य सड़क जाम होने के कारण गाड़ियों की आवाजाही बाधित हो गयी. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी थी. गोईलकेरा से सोनुवा, चाईबासा, चक्रधरपुर, जमशेदपुर जाने वाले बसों के यात्री भी फंस गये जबकि कोई भी गाड़ी आना जाना नहीं कर पायी. ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार से चलने वाली बालू और आयरन ओर लदे हाईवा और अन्य बड़ी गाड़ियों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे थे. आपको बता दें कि रविवार देर रात को महुलडीहा नदी के पास स्थानीय बिजली मिस्त्री कृष्णा गोप की बालू लदे हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गयी थी. इस मौत के खिलाफ स्थानीय लोगों ने सड़क जाम किया. इस हादसे में हाईवा का ड्राइवर भी फंस गया था, जिसके बाद काफी मशक्कत कर उसको किसी तरह बाहर निकाला जा सका था और उसको फिर इलाज कराया गया था. जाम की स्थिति से निबटने के लिए पुलिस बलों को तैनात किया गया था, लेकिन बाद में खुद से मामला में सुधार हो गया.







