
जमशेदपुर : झारखंड की रांची स्थित सीआइडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने लॉटरी में बीएमडब्ल्यू कार निकलने का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले दो साइबर बदमाशों को चतरा से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में हंटरगंज का छोटू कुमार व प्रतापपुर का अनवर अंसारी शामिल है. इनके पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन व छह एटीएम भी बरामद किए गए हैं. इस मामले में गत 8 फरवरी 2022 को साइबर थाना में रांची मंजिल रोड, पहाड़ टोला निवासी नैय्यर शाह की पत्नी साईमा शाह ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसमें कहा गया था कि 25 लाख की लॉटरी व बीएमडब्ल्यू कार ईनाम में निकलने का प्रलोभन देकर साढ़े तीन लाख रुपए की ठगी कर ली गई थी. मामला दर्ज करने के बाद पुलिस अनुसंधान में जुटी हुई थी. पुलिस के अनुसार अपराधियों द्वारा फर्जी नंबरों से लोगों को कॉल अथवा ई-मेल किया जाता था. लॉटरी में बीएमडब्ल्यू कार व नगद इनाम देने का प्रलोभन देकर विभिन्न बैंक खाताओं में जीएसटी, सर्विस टैक्स, रोड टैक्स, ऑफिसर विजिट टैक्स आदि फीस के नाम पर पैसों की ठगी की जाती है. सीआइडी के एसपी कार्तिक एस ने बताया कि ये लोग कई जगहों पर ठगी कर रहे थे.
साइबर ठगों से बचने के लिए पुलिस ने जारी की अपील
किसी अज्ञात ई-मेल अथवा मोबाइल नंबर से लॉटरी, बीएमडब्ल्यू कार ईनाम के नाम पर झांसे में ना आएं.
किसी अज्ञात बैंक खाते में पैसे जमा न करें. लॉटरी के नाम पर किसी प्रकार का संदिग्ध कॉल, एसएमएस आने पर इसकी सूचना साईबर अथवा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की अपील की है.














