
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया के बलरामपुर में बुधवार को उधार दिए 3000 रुपए वापस मांगने पर दबंग युवकों ने शुभम कुमार और उसकी मां पूजा कुमारी को लाठी, डंडा, राड आदि से मारपीट कर घायल कर दिया. घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. घायल शुभम कुमार और उसकी मां पूजा कुमारी को इलाज के लिए जमशेदपुर के साकची के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां दोनों का इलाज चल रहा है. शुभम कुमार ने बताया कि गांव के ही आकाश कुमार ने कुछ दिन पहले उससे 3000 रुपये उधार लिए थे. बुधवार की सुबह उसने आकाश कुमार को फोन किया और रुपए वापस देने को कहा. इस पर आकाश कुमार बहस करने लगा और बोला कि वह पैसा वापस नहीं देगा. इसी के बाद आकाश कुमार पिस्टल लेकर अपने साथियों राजकुमार, हर्ष कुमार, निरहू कुमार, छोटू उर्फ सुमित सिन्हा आदि के साथ शुभम के घर पर आया और ईंट पत्थर चलाने लगा. उसने बाहर निकलकर इसका कारण पूछा तो हमलावर मारपीट करने लगे. आकाश ने शुभम को पिस्टल सटाकर उसके साथ मारपीट की. पिस्टल की बट से भी मारा. लाठी, डंडा और राड से मारकर शुभम को घायल कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां पूजा कुमारी को भी घायल कर दिया. पैसे को लेकर मारपीट की गई है. घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.















