
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीमावर्ती इलाका कपाली (सरायकेला-खरसावां जिले) में अवैध तरीके से बिना लाइसेंस के चल रहे नर्सिंग होम और दो दवा दुकानों को औषधी निरीक्षकों की टीम ने सील कर दिया है. नर्सिंग होम के संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के दौरान भागने के दौरान संचालक घायल हो गया है, जिसका इलाज कराने के बाद अब उसको जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग को यह सूचना मिली थी कि कपाली एरिया में लगातार अवैध तरीके से बिना लाइसेंस के गर्भपात कराया जा रहा है और वहां नर्सिंग होम खोलकर रखा गया है. इसके बाद रांची, जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले के औषधी निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) ने संयुक्त रुप से छापामारी की. यह छापामारी कपाली स्थित ग्रीन लाइफ लाइन नर्सिंग होम में की गयी. (नीचे देखे पूरी खबर)

छापामारी होते ही वहां हड़कंप मच गया. बिना लाइसेंस के वहां नर्सिंग होम संचालित की जा रही थी. वहां गर्भपात भी कराया जा रहा था. सबको बाहर निकालकर पहले उसको सील किया गया. इसके बाद उसके संचालक शाहीद परवेज को भी गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उसी नर्सिंग होम में संचालित हो रहे दवा दुकान न्यू निशा मेडिकल को भी तत्काल सील किया गया. मेडिकल दुकान का भी लाइसेंस नहीं था. इसके बाद वहां से बड़े पैमाने पर दवाओं को जब्त किया गया. यहीं नहीं, इस टीम ने वहां से निकलकर पास ही संचालित हो रहे प्रिंस मेडिकल पहुंची. वहां संचालक भाग निकला और मेडिकल दुकान को भी बंद कर दिया. इसके बाद उस दुकान को सील कर दिया गया. इस मामले में एफआइआर दायर किया गया है. इस टीम में जमशेदपुर वन के ड्रग इंस्पेक्टर अबरार आलम, सरायकेला-खरसावां की ड्रग इंस्पेक्टर जया आइंद और रांची मुख्यालय के ड्रग इंस्पेक्टर डॉ रामचंद्र बेसरा शामिल थे.







