दुमका : दुमका में एक बार फिर पेट्रोल कांड की पुनरावृत्ति हुई है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार आपसी विवाद में प्रेमी द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है, जिसमें प्रेमिका बुरी तरह से झुलस गई है। उसे रात में ही फूलो झानो मेडिकल कॉलेज से रिम्स रेफर कर दिया गया। मामला गोपीकंदर थाना क्षेत्र के खड़कासोल गांव का है। जहां रूपा मरांडी घटना की शिकार हुई। घटना देर रात की है। उसे इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टर ने तत्काल रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स रेफर होने से पूर्व फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रूपा ने जो बयान दिया है उसके अनुसार वह अपने प्रेमी परमेश्वर सोरेन के साथ सिलंगी गांव में रहती है। कल उसका प्रेमी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में गया था। इधर वह अपने प्रेमी के दादी के गांव दो किलोमीटर दूर स्थित खड़कासोल चली गई। (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
रात में जब परमेश्वर आकर देखा कि रूपा घर पर नहीं थी, तो वह बाइक से अपनी दादी के घर पहुंच गया। वहां रूपा को देख काफी नाराज हो गया कि तुम बिना बताये क्यों आई। उसने उसे तत्काल अपने घर चलने को कहा, लेकिन रूपा का कहना था कि अभी नहीं जायेगी। प्रेमी की मोटरसाइकिल की डिक्की में पेट्रोल भरा बोतल था। उसने उसे हाथ में निकाल कर कहा कि अगर नहीं जाओगी तो तुम्हें इससे जला दूंगा। इस धमकी से रूपा डर गई और पेट्रोल को उसके हाथ से छीन कर फेंकने का प्रयास किया तो पेट्रोल बगल में जल रहे एक अंगीठी पर जा गिरा और रूपा की साड़ी में आग लग गई। इसी में वह गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस को सूचना मिली तो कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह, डीएसपी विजय कुमार पीजेएमसीएच पहुंचे। वहां कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा रूपा का बयान लिया गया। रूपा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।






