जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के फॉर्म एरिया रोड नंबर-12 स्थित एक मकान का ताला तोड़कर अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. इस मामले में मकान मालकिन काजल किरण पटेल के बयान पर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उसके मुताबिक घटना बुधवार की रात की है. उस दिन रात करीब आठ बजे से परिवार के लोग घर में ताला लगाकर एक समारोह में गए थे. रात करीब बारह बजे जब वापस घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ पाया. साथ ही कमरे में सामान भी बिखरे पड़े थे. जांच करने पर घर के कई सामान भी गायब पाए गयें. उसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. दूसरी ओर बोड़ाम में सरकार की ओर से स्मार्ट क्लासेस खुलने के तीसरे दिन ही अपराधियों ने वहां चोरी की घटना को अंजाम दे डाला. घटना के वक्त संस्थान बंद था. इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने ताला तोड़कर नकद 70 हजार रूपये समेत एक टीवी की चोरी कर ली. घटना का खुलासा तब हुआ जब 17 अक्टूबर को स्कूल खोला गया. मामला थाना पहुंचते ही पुलिस जांच में जुट गई है. इधर परसुडीह क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से मारपीट और छेड़खानी करने का मामला स्थानीय थाना में दर्ज किया गया है. मामले का आरोपी गोविंदपुर के सुभाषनगर के रहनेवाले उत्तम गोप के अलावा अन्य 10 से 12 लोगों को बनाया गया है. पीड़िता के मुताबिक आरोपी पहले उनके पति से मारपीट पर उतर आए थे, जब वह बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट और छेड़खानी की गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.






