जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच 18 से मौदाशोली जाने वाली सड़क में अपराधियों द्वारा कारोबारी शेखर महतो पर की गयी फायरिंग के मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपरादियों में रांची के सुखदेवनगर निवासी आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, रांची सुखदेव नगर निवासी प्रकाश चौधरी, रांची के सुखदेवनगर किशोरगंज निवासी मोनू तिवारी, रांची सुखदेवनगर इरगु टोली चौक निवासी हेमंत कुमार पांडेय और रांची प्रथम मार्ग स्कूल रोड बड़गाई निवासी मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार किया है. उनके पास से पुलिस ने एक 9 एमएम का ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक उसका मैगजिन, 9 एमएम का दो जिंदा गोली, एक देशी कट्टा, मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल जब्त किया है. (नीचे पढ़े पूरी खबर, क्या है पूरा मामला)

यह था पूरा मामला
जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके धालभूमगढ़ थाना अन्तर्गत एनएच-18 से मौदाशोली जानेवाली सड़क में अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा जमीन के कारोबारी शेखर महतो के वाहन पर फायरिंग किया गया था, जिसमें शेखर महतो का सहकर्मी देवाशीष मुखर्जी एवं चालक गंगा प्रसाद जख्मी हो गये थे. इस संबंध में उक्त कांड दर्ज किया गया था. घटना का उदभेदन एंव अपराध कर्मी की गिरफ्तारी हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला जमशेदपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, जिसके द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर कांड में संलिप्त पांचों अपराधियों को रांची से गिरफ्तार किया गया एवं इनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार एवं मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त किया गया. गिरफ्तार अपराधकर्मियों में से आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू सिंह से पूछताछ किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि मो सद्दाम हुसैन का वादी शेखर महतो के साथ जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मो सद्दाम हुसैन उसको शेख महतो को मारने का सुपारी दिये है, जिसके संबंध में सद्दाम हुसैन से पूछताछ किया गया तो उन्होंने उक्त बात को स्वीकार कर लिया. गिरफ्तार अपराधकर्मियों में से आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू सिंह एक शातिर अपराधकर्मी है, जिस पर रांची, बोकारो, कलकता, चाईबासा में दर्जनों कांड दर्ज है, जिसमें वह कई जेल जा चुका है. गिरफ्तार अपराधकर्मी प्रकाश चौधरी के विरुद्ध रांची में बैंक डकैती एवं फायरिंग से संबंधित कई मामले दर्ज है और जिसमें वह कई बार जेल जा चुका है.






