जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के जवान सुरेन्द्र प्रसाद को एक युवक ने हेल्मेट से मारकर घायल कर दिया. इस घटना के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों के सहयोग से अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी युवक को धर-दबोचा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त होमगार्ड के जवान सुरेन्द्र प्रसाद अस्पताल के ओपीडी नंबर-9 में ड्यूटी में तैनात थे. उस दौरान वहां मरीजों की काफी भीड़ हो गई थी. सुरेन्द्र प्रसाद मरीजों को लाइन में लगकर आगे बढ़ने के लिए समझा-बुझा रहे थे. उसी दौरान अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचा एक युवक लाइन से अलग हटकर डायरेक्ट चिकित्सक से दिखाना चाह रहा था. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
उस युवक को होमगार्ड के जवान सुरेन्द्र प्रसाद ने जब ऐसा करने से रोका तो युवक उग्र हो गया. वह अपने हाथ में हेल्मेट लिए हुए था, जिससे उसने होमगार्ड के जवान के सिर पर वार कर दिया. इस घटना में सुरेन्द्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट लगी. वह घायल हो गये. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों के सहयोग से होमगार्ड के जवानों ने युवक को धर-दबोचा. साथ ही घटना की सूचना साकची पुलिस को दी. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. आरोपी युवक ने पुलिस के समक्ष अपना नाम अंगद मलिक बताया. उसने बताया कि वह मानगो पुल के पार काली मंदिर के पास का रहनेवाला है. आगे पुलिस युवक से पूछताछ कर कार्रवाई करने में जुटी हुई है. इस बीच घायल जवान का अस्पताल में ही इलाज कराया गया.






