जमशेदपुर : उत्पाद विभाग ने बिरसानगर, बागबेड़ा, सोनारी, गोविंदपुर और पोटका इलाके में छापामारी की है। बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग, गांधीनगर और सोनारी की जंगली बस्ती में अवैध शराब की बिक्री कर रहे आठ लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्हें जेल भेज दिया गया है। उत्पाद विभाग ने यहां छापामारी कर बड़े पैमाने पर अवैध शराब बरामद की है। (नीचे भी पढ़ें)

बिरसानगर थाना क्षेत्र के नूतनडीह, हुरलुंग और गोविंदपुर के मनपीटा में छापामारी कर तीन अवैध महुआ शराब चुलाई भट्ठी को ध्वस्त किया गया। शराब बनाने के लिए रखे गए जावा महुआ को नष्ट किया गया है और सप्लाई के लिए तैयार अवैध शराब भी बरामद की गई है। वहां से 200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई है। 10 हजार किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया है। अवैध शराब भट्ठी चलाने वाले लोग फरार बताये जाते हैं। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोटका के लोवाडीह और बर्दागोड़ा में छापामारी हुई है और छह अवैध महुआ शराब भट्ठी को ध्वस्त किया गया है। वहां से 9000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट करने के साथ ही 240 लीटर शराब बरामद की गयी है।












