Chakuliya : आसन्न विधान सभा चुनाव सात दिसंबर को होने वाला है. इस चुनाव में बहरागोड़ा विस सीट पर भाजपा और झामुमो में कांटे की टक्कर मानी जा रही है. विस क्षेत्र के लोगों में चर्चा जोरों पर है कि क्या 2019 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर भाजपा बहड़ागोड़ा विधानसभा में वापसी करेगी या फिर झामुमो पुन: इस विस सीट पर जीत की हैट्रिक लगायेगा. भाजपा और झामुमो दोनों ही पार्टियां इस विस सीट पर चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगी. विदित हो की बहरागोड़ा विधान सभा सीट पर वर्ष 2009 में झामुमो से विधुत वरण महतो अपने प्रतिद्वंद्वी डॉ दिनेश षाड़गी को हरा कर विधायक बने थे. जबकि वर्ष 2014 में पहली बार कुणाल षाड़गी अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी को हराकर विधायक बने थे. झामुमो ने बहरागोड़ा विस सीट पर लगातार दो बार जीत दर्ज कर सीट को अपने खाते में किया. 2019 के चुनाव में झामुमो ने भाजपा से झामुमो में शामिल हुए समीर महंती को मोर्चा ने भरोसा कर इस विस सीट पर चुनाव मैदान में उतारा है. वहीं भाजपा बहरागोड़ा सीट पर वापसी करने के लिए झामुमो से भाजपा में शामिल हुए विधायक कुणाल षाड़गी को अपना उम्मीदवार बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है. दोनों ही पार्टियां इस चुनाव में बहरागोड़ा सीट पर चुनाव जीतने के लिए अपनी ताकत लगा देंगी. आगामी 7 दिसंबर को इस विस सीट पर मतदान है. अब देखना है कि इस विस क्षेत्र के लोग किसके पक्ष में मतदान कर जीत दिलाते हैं. इसे लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म है.





