
Saraikela : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व बाहुबली विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है. वह लगातार क्षेत्र के लोगों से मिलकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आ रहे हैं. सोमवार को भी अरविंद सिंह ने कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के ओड़िया, दुलमी, सिरूम समेत कई गांवों का दौरा किया और लोगों से मुलाकात की. वहीं उन्होंने बीते 5 सालों में क्षेत्र के लोगों के साथ धोखा दिए जाने की बात कही. उन्होंने कहा अगर जनता उन्हें फिर से मौका देती है तो क्षेत्र के किसानों और बेरोजगारों के लिए उनके पास खास एजेंडा है जिस पर वे अमल करते हुए क्षेत्र की जनता की सेवा में लगे रहेंगे.
आपको बता दें कि पूर्व विधायक अरविंद सिंह की पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के साधु चरण महतो के साथ सीधी टक्कर हुई थी और मामूली अंतर से हार जीत का फैसला हुआ था. तब समय अरविंद सिंह ने जेवीएम के टिकट से चुनाव लड़ा था. वैसे इस बार पूर्व विधायक पूरी तैयारी के साथ चुनावी रण में उतर रहे हैं. हालांकि यहां से कई और भी दावेदार हैं जो लगातार क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाने में जुटे हुए हैं. हालांकि इसी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व डिप्टी सीएम सुधीर महतो की पत्नी व झारखंड मुक्ति मोर्चा नेत्री सविता महतो भी ताल ठोकती नजर आ रही हैं. ऐसे में क्षेत्र के मतदाताओं का रुझान किस और होगा ये तो आने वाला वक्त ही तय करेगा. जबकि बीते 6 महीनों से क्षेत्र में समाजसेवा से राजनीति में कदम रखनेवाले हरेलाल महतो भी काफी सक्रिय हैं. कुल मिलाकर यहां हार जीत का फैसला काफी कम अंतर से होने की संभावना है.



