
डालटनगंज : डालटनगंज विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक आलोक चौरसिया की उम्र के खिलाफ याचिका दायर कर निर्वाचन रद्द करने की मांग की. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट भाजपा विधायक आलोक चौरसिया को नोटिस भेजकर इसपर जवाब दाखिल करने का आदेश देते हुए इस केस को आजम खान के बेटे के केस के साथ सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर लिया. श्री त्रिपाठी ने अपनी याचिका में कहा है कि आलोक चौरसिया की जन्म तिथि 15 फरवरी 1995 है, जो विधायक बनने के न्यूनतम उम्रसीमा 25 वर्ष से कम है. ऐसे में उन्होंने फर्जी दस्तावेज के आधार पर पिछले चुनाव में नामांकन किया और इस चुनाव में भी वे 25 वर्ष से कम हैं.





