
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय आज एक्शन में नजर आए. जहां अपने विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर उन्होंने तमाम प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की. इस दौरान जुस्को के भी अधिकारी मौजूद रहे. जानकारी देते हुए सरयू राय ने बताया कि पिछले 25 सालों से यह विधानसभा सीट पिछले मुख्यमंत्री का कार्यक्षेत्र रहा है, बावजूद इसके इस विधानसभा क्षेत्र में जरूरी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है. उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के विकास योजनाओं की जानकारी संबंधित विभागों के अधिकारियों से ली गई. उन्होंने वैसे क्षेत्रों की सड़के तोड़े जाने पर आपत्ति जताई है, जहां घनी आबादी रह रही है. उन्होंने बताया कि विकास जरूरी है लेकिन मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखना होगा.
इसके अलावा कई ऐसी बस्तियां आज भी है जहां पीने का शुद्ध पानी नहीं पहुंचा है उन्होंने बताया कि जल्दी इसको लेकर विभागीय पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार किया जाएगा. उधर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सरयू राय ने कहा कि पिछली सरकार जिसे डबल इंजन की सरकार कही जाती है, उसका भी मंत्रिमंडल विस्तार दिसंबर में बहुमत की सरकार गठन के बाद फरवरी माह में हुआ था. वर्तमान सरकार पर अनावश्यक दबाव बनाना ठीक नहीं. सभी गठबंधन दल आपस में रायशुमारी कर रहे हैं. जल्द ही मंत्रिमंडल का गठन हो जाएगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली दौरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले मुख्यमंत्री (रघुवर दास) हफ्ते में दो बार दिल्ली जाते थे. जब सोनिया गांधी सर्वमान्य नेता हैं और उनसे मिलने अगर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली जाते हैं, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. अगर सरकार गठबंधन का है तो फैसला लेने के लिए दिल्ली जाना ही होगा. इसमें कोई आपत्ति की बात नहीं है.






