
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि चीन समझ ले कि अब 1962 का नहीं अपितु 2020 का भारत है. देश का नेतृत्व नरेन्द्र मोदी जैसे मजबूत एवं कुशल व्यक्तित्व के पास है. अगर चीन भारत की सुरक्षा के समक्ष चुनौती देगा तो चीन अपनी बर्बादी की कहानी लिखेगा. डॉ गोस्वामी सोमवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 1 वर्ष पूरे होने पर पार्टी की राज्य इकाई द्वारा आयोजित कोडरमा विधानसभा की वर्चुअल रैली को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे. डॉ गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने 7 दशकों से जूझ रहे कश्मीर समस्या का हल निकाला. जम्मू कश्मीर से धारा 370 निरस्त हुआ. घाटी में आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम लगा. उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून बनाने तथा अदालत के फैसले के पश्चात अयोध्या में श्री राम के मंदिर निर्माण हेतु केंद्र सरकार द्वारा ट्रस्ट बनाने जैसे कदमों से करोड़ों देशवासियों की आकांक्षायें पूरी हुई हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक कोविड-19 महामारी से निबटने हेतु किए गए प्रयासों का दुनियां अनुकरण कर रही. अब तो विश्व के अमीर देशों का समूह जी-7 भी भारत को अपने ग्रुप में शामिल करने के लिए बेताब है. भारत को विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष के पद मिलने से विश्व समुदाय में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सर्वस्वीकार्यता को दर्शाता है.





