
जमशेदपुर : झारखंड में वर्चुअल रैली का दौर चल रहा है. इस कड़ी में रांची के सांसद संजय सेठ ने शुक्रवार को जमशेदपुर महानगर अंतर्गत पोटका विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया. शाम 4 बजे आयोजित इस रैली में पोटका समेत जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद संजय सेठ ने मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्ष की उपलब्धि को कार्यकर्ताओं के बीच रखा. उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा पिछले 72 वर्षों में उत्पन्न हुए समस्याओं को 72 महीने में जड़ से खत्म किया गया. भारत का गौरव पूरे विश्व में बढ़ा है. भाजपा ने अपने संकल्प को सिद्ध कर करोड़ो भारतवासियों के आस्था व विश्वास को और मजबूत किया है. उन्होंने पोटका विधानसभा क्षेत्र में बिजली कटौती से हो रहे जनता की परेशानियों का जिक्र करते हुए इसे राज्य सरकार की विफलता बताया. कहा कि पूर्व की रघुवर सरकार के दौरान 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति होती थी परंतु महागठबंधन की सरकार बनते ही बिजली की आंख मिचौली प्रारंभ हो गयी है. अब तो आलम यह है कि सप्ताह के सात दिन जैसे बिजली भी दिन के 7 घंटे मिलती है. राज्य में बढ़ रहे अपराध एवं बदहाल स्वास्थ्य सुविधा जनता को लॉकडाउन में प्रताड़ित कर रहे हैं. आज झारखंड के हर कोने में आपराधिक घटनाओं की जानकारी मिलती है. कहा कि महागठबंधन सरकार को राज्य में बेहतर कानून व्यवस्था बहाल करने की दिशा में कार्य करने चाहिए, वहीं प्रवासी मजदूरों को राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए. इस दौरान जमशेदपुर जिला कार्यालय से जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, जमशेदपुर सांसद विद्युतवरण महतो, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, डिजिटल प्रभारी अमरजीत सिंह राजा, वर्चुअल प्रभारी प्रभाकर प्रसाद, हलधर नारायण साह, पोटका विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओ में चंद्रशेखर गुप्ता, अनमोल वर्मा, संजीव भगत, संजय सिंह, दिलीप पांडा, संदीप शर्मा, संतोष भंज, मधु नायक आदि शामिल थे.

पूर्व सीएम रघुवर दास ने गोड्डा जिला के महागमा विधानसभा के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित.
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गोड्डा जिला अन्तर्गत महागमा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया. शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की इस वर्चुअल रैली में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. रैली को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने महागमा विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना संकटकाल के बीच किये गए सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोड्डा जिला अन्तर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा एवं पूरे समपर्ण भाव से जरूरतमंदों की मदद की. उन्होंने कहा कि भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी. राज्य सरकार की कमियां बताते हुए जनता के मुद्दों पर संघर्ष करेगी. जरूरत पड़ी तो सड़क से सदन तक जनता की आवाज बुलंद होगी. इस दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, डिजिटल संवाद जिलाप्रभारी अमरजीत सिंह राजा, मंडल डिजिटल प्रभारी जयदीप मुखर्जी, महागामा विधानसभा के पूर्व विधायक अशोक भगत, गोड्डा जिलाध्यक्ष राजेश झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल सिंह, पार्टी के जिला पदाधिकारीगण, महागमा विधानसभा के सभी कोर कमेटी के सदस्य समेत विधानसभा अन्तर्गत निवास करने वाले हजारों कार्यकर्ता आमजन जुड़े रहे.





