
सरायकेला : भले बंगाल चुनाव में टीएमसी बीजेपी को जबरदस्त टक्कर दे रही है. लेकिन झारखंड में टीएमसी अभी भी सांगठनिक दृष्टिकोण से कमजोर ही साबित हो रही है. शुक्रवार को टीएमसी नेता और टीएमसी ट्रेड यूनियन के जिला अध्यक्ष रमेश कुमार बलमुचू ने प्रदेश नेतृत्व के रवैये से नाराज होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है इस संबंध में रमेश बलमुचू बताया कि प्रदेश नेतृत्व जिला स्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बगैर कोई संवाद किए यहां कार्यक्रम करती है और यहां के कार्यकर्ताओं को सूचना तक नहीं देती है. ऐसे में पार्टी में बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाता. उन्होंने जनहित से संबंधित मामले पर केंद्रीय नेतृत्व जिला स्तरीय नेताओं को आगे बढ़ने नहीं देते. श्री बलमुचू पिछले 5 साल से पार्टी में थे. पिछले विधानसभा चुनाव में सरायकेला विधानसभा सीट से उनकी जबरदस्त दावेदारी भी थी, लेकिन ऐन वक्त पर पार्टी के आला नेताओं ने उनका टिकट काट दिया था. बावजूद इसके वे पार्टी के लिए काम कर रहे थे लेकिन पिछले दिनों प्रदेश स्तर के नेता के साथ उनका तालमेल ठीक नहीं बैठ रहा था, जिससे उन्होंने नाराज होकर यह फैसला लिया. आगे की राजनीति के संबंध में श्री बलमुचू ने बताया, कि सभी रास्ते खुले हैं. जनहित से जुड़े मामलों पर कभी चुप नहीं बैठूंगा. दूसरे दलों के नेता भी संपर्क में है, लेकिन जहां मान सम्मान मिलेगा वही के लिए काम करूंगा. हालांकि संभावना जताई जा रही है, कि रमेश बलमुचू सरयूराय के संपर्क में है. पार्टी के कई नेताओं से उनकी बातचीत चल रही है.





