
रांची : झारखंड के यूथ कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव होने वाला है. इस चुनाव को लेकर पूरे झारखंड के नेता अपनी ताल ठोंक रहे है. झारखंड कांग्रेस के नये अध्यक्ष राजेश ठाकुर के दिशा निर्देश पर इसकी घोषणा की गयी है. इसके तहत कई लोगों ने प्रबल दावेदारी पेश कर दी है. खास तौर पर जमशेदपुर से काफी लोगों ने अपनी दावेदारी की है और विभिन्न पदों के लिए नामांकन किया है. युवा कांग्रेस के जमशेदपुर जिलाध्यक्ष संजीव रंजन ने इस बार प्रदेश महासचिव पद के लिए नामांकन किया. युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन संजीव रंजन ने बताया कि समय के साथ नए-नए चेहरों को मौका मिलना चाहिए. सक्रिय लोगों को राजनीति के मुख्यधारा से जुड़कर चलना चाहिए. संजीव रंजन ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए वर्तमान उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ने नामांकन दाखिल किया है. वही इस पद पर और भी कई नए और पुराने चेहरे ऐसे है, जो अपना भाग्य आजमा रहे हैं. साथ ही पूर्वी विधानसभा अध्यक्ष पद पर फिर से एक बार वर्तमान अध्यक्ष बिजेंद्र साहू, पश्चिम विधानसभा से अभिषेक मोहंती और मो चांद वारसी, घाटशिला विधानसभा से सागर भगत, जुगसलाई विधानसभा से विजय कुमार ने अध्यक्ष पद की दावेदारी की है. इसके अलावा झारखण्ड युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह बर्मामाइन्स निवासी आशीष मुखी ने युवा कांग्रेस संगठनात्मक चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद पर अपना नामांकन किया. ज्ञात हो युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चुनाव हेतु राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो पैनल में नाम शामिल किया था, उसमें शहर के मुखी समाज के चेहरा आशीष मुखी का भी नाम शामिल था. आशीष मुखी ने दिल्ली युवा कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास व राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के समक्ष अपना साक्षात्कार देने के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष पद पर अपना ऑनलाइन नामांकन किया. वे (आशीष मुखी) पूर्व में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव में प्रदेश सचिव, जिला महामंत्री व जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा महामंत्री पद पर चुने जा चुके हैं. आशीष मुखी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो मौका दिया है उस पर वे खरा उतरने का काम करेंगे व मजबूती के साथ चुनाव में भाग लेंगे. ज्ञात हो कि आशीष मुखी यूथ इंटक के राष्ट्रीय सचिव व केंद्रीय मुखी समाज मूलवासी के प्रवक्ता भी है. इसको लेकर पहले प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए राकेश साहू ने भी अपना नामांकन दाखिल किया है.




