
जमशेदपुर : झारखंड में इन दिनों राजनीति गर्मायी हुई है ही, इस बीच विधायक सरयू राय की दिल्ली में वहां से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ मुलाकात से राज्य में राजनीतिक पारा और चढ़ने लगा है. मुलाकात के संबंध में सरयू राय ने ट्विट के माध्यम से जानकारी दी है. ट्विट में हालांकि सरयू राय ने बताया है कि दिल्ली हवाई अड्डा पर वहां के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से भेंट हो गई. वे रोड शो के लिये अमृतसर जा रहे थे. श्री राय ने बताया है कि दोनों नेताओं से विभिन्न विषयों पर बात हुई और पुरानी स्मृतियां ताज़ा हुईं. इसके साथ ही दोनों नेताओं ने अगली बार दिल्ली आने पर औपचारिक भेंट के लिये कहा है. श्री राय ने पिछले शनिवार को दिल्ली में आरएसएस के चिंतक केएन गोविंदाचार्य के साथ एक कार्यक्रम में शिरकत की थी. वहीं दो दिन पूर्व झारखंड में तीसरे मोर्चा (झारखंड लोकतांत्रिक गठबंधन) का गठन किया गया है, जिसमें विधायक सरयू राय, आजसू, एनसीपी व दो निर्दलीय विधायक शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इन सबके मद्देनजर माना जा रहा है कि दिल्ली के बाद पंजाब में परचम लहराने वाली आम आदमी पार्टी निकट भविष्य में तीसरे मोर्चे के माध्यम में झारखंड में भी दावेदारी मजबूत करने की तैयारी में तो नहीं है. चूंकि आजसू भाजपा की सहयोगी पार्टी है. राज्यसभा चुनाव भी नजदीक है. ऐसे में इस समय आजसू का तीसरे मोर्चे में शामिल होना कई सवाल खड़े करता है. क्योंकि तीसरे मोर्चे में शामिल अन्य भाजपा के सहयोगी दल नहीं है. इसी बीच श्री राय की अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया से मुलाकात को झारखंड में आम आदमी पार्टी (आप) को साथ लेकर तीसरे मोर्चा को सशक्त करने की कवायद भी माना जा रहा है.



